शासकीय महाविद्यालय जौरा में नशा उन्मूलन एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
नशा पीड़ितों के अधिकार, निःशुल्क विधिक सहायता और नेशनल लोक अदालत की प्रक्रिया की दी जानकारी
मुरैना, 25 नवंबर/शासकीय महाविद्यालय जौरा में नशा उन्मूलन, नशा पीड़ितों के लिए विधिक सेवाएं एवं नेशनल लोक अदालत विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी श्री मनमोहन सिंह कौरव ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणाम, नशा पीड़ितों के अधिकार, निःशुल्क विधिक सहायता तथा नेशनल लोक अदालत की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी।
न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी श्री मनमोहन सिंह कौरव ने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक समस्या है, जिसके दुष्परिणाम व्यक्ति के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करते हैं। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने जीवन को सकारात्मक दिशा देना चाहिए। उन्होंने नशा पीड़ित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील एवं मानवीय दृष्टिकोण अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि उन्हें सामाजिक तिरस्कार के बजाय उचित मार्गदर्शन, उपचार, पुनर्वास एवं विधिक सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में भी बताया।
नेशनल लोक अदालत के संबंध में उन्होंने बताया कि लोक अदालत आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर विवादों के त्वरित एवं सरल निराकरण का प्रभावी माध्यम है। इसके माध्यम से न्यायालयों में लंबित तथा समझौता योग्य मामलों का निराकरण किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक रहने तथा अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों का पालन करने की प्रेरणा दी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश कुमार ने कहा कि नशा समाज और विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए गंभीर चुनौती है। नशे की प्रवृत्ति व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, पारिवारिक जीवन एवं भविष्य को प्रभावित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा समाज में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. अशोक कुमार ने किया। अंत में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. एच.एन. सिंह हाड़ा ने अतिथियों, प्राचार्य, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के आयोजन में संयोजक डॉ. यदुनंदन प्रसाद उपाध्याय एवं प्रो. विनोद कुमार का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर प्रो. शेष नारायण शुक्ला, प्रो. प्रफुल्ल चंद्र भौमिक, प्रो. जितेन्द्र कुमार, श्री उदयभान सिंह यादव, डॉ. अंकिता मिश्रा, सुश्री संध्या टैगोर, डॉ. सुधीर कुमार पाठक, डॉ. दिनेश कुमार दोहरे, डॉ. नीलम राजपूत सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों द्वारा स्वयं नशे से दूर रहने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।










