वन सुरक्षा पखवाड़ा के तहत बीट उसेदघाट में 5 हेक्टेयर वन भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई
वन भूमि पर अवैध कृषि कार्य हटाकर पुनः अतिक्रमण रोकने के लिए खोदी गईं खंतियां एवं गड्ढे
मुरैना, 25 नवंबर /वन सुरक्षा पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत वन विभाग द्वारा वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई निरंतर की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को बीट उसेदघाट, कक्ष क्रमांक पीएफ-01 में लगभग 5 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
वनमंडलाधिकारी मुरैना एवं उप वनमंडलाधिकारी मुरैना के निर्देशन में वन परिक्षेत्र अधिकारी मुरैना के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान वन भूमि पर विगत कई वर्षों से किए जा रहे अवैध कृषि कार्य को हटाया गया।
अतिक्रमण मुक्त कराई गई वन भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा भविष्य में पुनः अतिक्रमण रोकने के उद्देश्य से जेसीबी मशीनों की सहायता से खंतियां एवं गड्ढे भी खुदवाए गए। वन विभाग द्वारा वन भूमि के संरक्षण, संवर्धन तथा अवैध अतिक्रमण की रोकथाम के लिए अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। वन भूमि को सुरक्षित रखने एवं वन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।










