Home / Uttarpredesh / आगरा मंडल में यात्री एवं व्यापारी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

आगरा मंडल में यात्री एवं व्यापारी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

आगरा मंडल में यात्री एवं व्यापारी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

डिजिटल क्लॉक रूम से यात्रियों को सामान सुरक्षित रखने की सुविधा, कुबेरपुर माल गोदाम पर कन्वेयर बेल्ट से माल की लोडिंग-अनलोडिंग होगी तेज

आगरा,27 अक्टूबर। मंडल रेल प्रबंधक, आगरा श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अंकित गुप्ता के निर्देशन में आगरा मंडल द्वारा गैर-किराया राजस्व (Non-Fare Revenue–NFR) में वृद्धि के साथ-साथ रेल यात्रियों एवं व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में यात्रियों की सुविधा के लिए आगरा छावनी एवं मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशनों पर डिजिटल क्लॉक रूम तथा व्यापारियों की सुविधा के लिए कुबेरपुर माल गोदाम पर कन्वेयर बेल्ट सुविधा के संचालन हेतु ठेके आवंटित किए गए हैं।
डिजिटल क्लॉक रूम सुविधा से यात्रियों को मिलेगी सहूलियत
आगरा छावनी एवं मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशनों पर डिजिटल क्लॉक रूम सुविधा के संचालन हेतु 5 वर्ष की अवधि के लिए ठेका आवंटित किया गया है। इस सुविधा के माध्यम से यात्री निर्धारित शुल्क का भुगतान कर अपना सामान सुरक्षित रख सकेंगे। इससे यात्रियों को सामान साथ लेकर चलने की परेशानी से राहत मिलेगी तथा स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं में विस्तार होगा। इस सुविधा से रेलवे को लगभग ₹18.77 लाख वार्षिक राजस्व प्राप्त होगा। इस प्रकार संपूर्ण ठेका अवधि में रेलवे को ₹1 करोड़ से अधिक की आय होने की संभावना है।
कुबेरपुर माल गोदाम पर कन्वेयर बेल्ट से तेज होगी माल की लोडिंग-अनलोडिंग
व्यापारियों की सुविधा एवं माल ढुलाई की प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से कुबेरपुर माल गोदाम पर कन्वेयर बेल्ट सुविधा के संचालन हेतु 1 वर्ष की अवधि के लिए ठेका आवंटित किया गया है। इस सुविधा के माध्यम से माल की लोडिंग एवं अनलोडिंग प्रक्रिया में तेजी आएगी तथा रैक के अनावश्यक विलंबन को कम करने में सहायता मिलेगी। इससे व्यापारियों को रैक विलंबन के कारण लगने वाले डेमरेज (Demurrage) शुल्क में भी राहत मिलने की संभावना है। यह सुविधा निर्धारित शुल्क के आधार पर व्यापारियों को उपलब्ध कराई जाएगी तथा इससे रेलवे को लगभग ₹1.50 लाख वार्षिक राजस्व प्राप्त होगा।
आगरा मंडल द्वारा की जा रही इन पहलों से रेल यात्रियों को सामान सुरक्षित रखने की सुविधा मिलेगी और व्यापारियों के लिए माल की लोडिंग-अनलोडिंग प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक होगी। साथ ही, इन सुविधाओं के माध्यम से गैर-किराया राजस्व में वृद्धि कर रेलवे की आय को सुदृढ़ करने में भी मदद मिलेगी। आगरा मंडल यात्रियों की सुविधाओं में सुधार, माल परिवहन को सुगम बनाने तथा राजस्व के नए स्रोत विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *